९ छक्कों के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी
नई दिल्ली: पाकिस्तान के २१ वर्षीय युवा ऑलराउंडर रजाउल्लाह ने एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में अपने डेब्यू मुकाबले में ही सनसनीखेज प्रदर्शन कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। मुश्किल परिस्थितियों में मैदान पर उतरे रजाउल्लाह ने आक्रामक बल्लेबाजी के साथ शानदार गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान को शर्मनाक पारी की हार से बचा लिया।
६३ गेंदों पर ८१ रनों की विस्फोटक पारी
टेस्ट मैच के चौथे दिन पाकिस्तान की दूसरी पारी लड़खड़ाती नजर आ रही थी। ऐसे समय में रजाउल्लाह ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज ६३ गेंदों पर ८१ रन ठोक दिए। उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर चारों तरफ से हमला बोलते हुए अपनी पारी में ९ गगनचुंबी छक्के लगाए।
इससे पहले पहली पारी में दाएं हाथ की तेज गेंदबाजी से प्रभाव छोड़ते हुए रजाउल्लाह ने ४ महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किए थे। डेब्यू मैच में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की धमाकेदार शुरुआत की है।
नौवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी
पाकिस्तान मुश्किल स्थिति में था, तब रजाउल्लाह ने अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद अब्बास के साथ मिलकर नौवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। वह पाकिस्तान की ओर से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। डैन लॉरेंस की गेंद पर स्टंप आउट हुए रजाउल्लाह की जुझारू पारी के दम पर पाकिस्तान इंग्लैंड के सामने जीत के लिए १३० रनों का लक्ष्य रखने में सफल रहा।
डेब्यू टेस्ट में ९ छक्कों के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी
डेब्यू टेस्ट में ९ छक्के लगाकर रजाउल्लाह ने टेस्ट क्रिकेट के १४९ साल लंबे इतिहास में अपने पहले ही मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
इससे पहले न्यूजीलैंड के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज टिम साउथी ने वर्ष २००८ में इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट मैच में ९ छक्के लगाए थे। रजाउल्लाह ने अब उसी विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
संयोग की बात यह है कि रजाउल्लाह ने जब इस रिकॉर्ड की बराबरी की, तब टिम साउथी खुद मैदान पर मौजूद थे। साउथी फिलहाल इंग्लैंड की टीम के साथ गेंदबाजी सलाहकार के रूप में जुड़े हुए हैं और मुकाबले के दौरान डगआउट में बैठकर रजाउल्लाह की इस ऐतिहासिक पारी के गवाह बने।
डेब्यू टेस्ट में ४ विकेट लेने के साथ ८१ रनों की तूफानी पारी और ९ छक्कों का विश्व रिकॉर्ड बराबर कर रजाउल्लाह ने पाकिस्तान क्रिकेट में अपने आगमन vको यादगार बना दिया है।





