उपराष्ट्रपति की उपस्थिति में सम्मानित हुए नए चिकित्सक
गुवाहाटी: असम के स्वास्थ्य क्षेत्र के परिवर्तनकारी सफर में एक नया अध्याय जोड़ते हुए गुवाहाटी में श्रीमंत शंकरदेव स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन की गरिमामयी उपस्थिति में हुए इस समारोह में नए स्नातक चिकित्सकों और स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का एक महान संकल्प है। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में कदम रखने वाले नए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से नैतिक मूल्यों, सहानुभूति, अनुशासन और पेशेवर प्रतिबद्धता को प्राथमिकता देते हुए निष्ठा और ईमानदारी से सेवा करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, मजबूत स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे, कैंसर के उन्नत इलाज और आधुनिक तकनीक पर आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए एक नए असम का निर्माण किया जा रहा है। सरकार का मुख्य लक्ष्य राज्य के हर नागरिक के लिए आधुनिक, सुलभ और मरीज- केंद्रित स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज के ये नवस्नातक चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भविष्य में असम की स्वास्थ्य सेवाओं की नींव को और अधिक मजबूत करेंगे।





