२० ‘बागी’ टीएमसी सांसदों को अपना स्पष्टीकरण देने के लिए लोकसभा स्पीकर ने दिया तीन हफ़्ते का अतिरिक्त समय

1781453619148_tmc_rebel_meet_speeker

काेलकाता: सुदीप बंदोपाध्याय और काकोली घोष दस्तिदार समेत तृणमूल कांग्रेस के २० ‘बागी’ सांसदों को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपना जवाब दाखिल करने के लिए तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया है। लोकसभा सचिवालय ने सांसदों को पत्र भेजकर इस बात की आधिकारिक जानकारी दी है। अब ये सांसद २२ सितंबर तक अपना स्पष्टीकरण जमा कर सकेंगे।
​गौरतलब है कि २५ अगस्त को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने इन २० सांसदों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया था। इसके बाद लोकसभा सचिवालय ने उसी दिन नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा था। हालांकि, सांसदों ने विस्तृत जवाब तैयार करने के लिए तीन सप्ताह के अतिरिक्त समय की मांग की थी।
​सांसदों की ओर से कहा गया है कि लगभग २० पन्नों के नोटिस में उठाए गए प्रत्येक बिंदु का बिंदुवार (क्रमानुसार) जवाब दिया जाएगा। अभिषेक बनर्जी द्वारा लगाए गए आरोपों और प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों पर भी विस्तृत स्पष्टीकरण तैयार किया जा रहा है।
​उल्लेखनीय है कि राज्य विधानसभा चुनाव में तृणमूल की हार के बाद इन २० सांसदों ने पार्टी नेतृत्व से दूरी बना ली थी और एनसीपीआई में शामिल होकर बीजेपी नीत एनडीए को अपना समर्थन दे दिया था। इसके बाद टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने इन सभी सांसदों की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के लिए अध्यक्ष के समक्ष याचिका दायर की थी।

About Author

Advertisement