​टेस्ट रैंकिंग में कप्तान गिल और बुमराह को नुकसान, पडिक्कल को फायदा

IMG-20260902-WA0134

​नई दिल्ली: भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुधवार को जारी आईसीसी टेस्ट बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में २ स्थान और पेस बॉलर जसप्रीत बुमराह गेंदबाजों की रैंकिंग में एक स्थान नीचे गिर गए हैं, जबकि देवदत्त पडिक्कल आगे बढ़कर ५४वें स्थान पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका दौरे में ३ पारियों में केवल एक अर्धशतक बनाने वाले गिल २ स्थान गिरकर नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में सातवें स्थान पर बने हुए हैं। ओपनर यशस्वी जयसवाल की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है और वे ११वें स्थान पर हैं। श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में दो शतकों की मदद से ३२८ रन बनाने वाले पडिक्कल पांच स्थान आगे बढ़कर ५४वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
​इस बीच बुमराह ने टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरा स्थान गंवा दिया है। वे ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी के बाद तीसरे स्थान पर आ गए हैं। बुमराह घुटने की चोट के कारण श्रीलंका दौरे पर नहीं जा सके थे। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ ३ टी२० मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है, लेकिन उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी।
​भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक बनाने वाले श्रीलंका के सोनल दिनुशा बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में २९ स्थानों की बड़ी छलांग लगाकर २५वें स्थान पर पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के पेस बॉलर ओली रॉबिन्सन और जोश टंग को भी गेंदबाजों की रैंकिंग में फायदा हुआ है।
​पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआती दोनों टेस्ट मैचों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे रॉबिन्सन ने ६ स्थानों का सुधार करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया है। उन्होंने लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में ८ विकेट लिए थे। इस तरह वे अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ चौथी रैंकिंग से केवल एक स्थान पीछे हैं, जो उन्होंने फरवरी २०२३ में हासिल की थी। पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज की शुरुआत से रॉबिन्सन ने अपनी रैंकिंग में २२ स्थानों का सुधार कर लिया है।
​इसी तरह दूसरे टेस्ट में ५ विकेट लेने वाले टंग ४ स्थान आगे बढ़कर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ १३वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। सीरीज हारने के बावजूद पाकिस्तान के पेस बॉलर मोहम्मद अब्बास १० स्थान आगे बढ़कर संयुक्त रूप से १५वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने लॉर्ड्स में ९ विकेट लिए थे।
​पाकिस्तान के सऊद शकील १५ स्थानों के बड़े सुधार के साथ १८वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में ९७ रन बनाए थे। इस बीच कप्तान बाबर आजम ५ स्थान गिरकर १५वें स्थान पर खिसक गए हैं।

About Author

Advertisement