अमेरिकी पर्यटकों की सुरक्षा से लेकर सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों तक पर जोर
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में पर्यटन को बढ़ावा देने, विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क के विस्तार को लेकर भारत स्थित अमेरिकी महावाणिज्य दूत और पश्चिम बंगाल सरकार के बीच महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
कोलकाता स्थित अमेरिकी महावाणिज्य दूत महामहिम कैथरीन गिल्स-डियाज और कांसुलर सेक्शन प्रमुख नोआ होगन ने पश्चिम बंगाल सरकार के संसदीय कार्य एवं पर्यटन मंत्री डॉ. शंकर घोष से न्यू सेक्रेटेरिएट बिल्डिंग स्थित उनके कक्ष में मुलाकात की। मंत्री डा. घोष ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत उत्तरीय, पुष्पगुच्छ तथा हस्तनिर्मित डोकरा कला से निर्मित देवी दुर्गा और उनके परिवार की प्रतिमाएं भेंट कर किया।
बैठक में विशेष रूप से पश्चिम बंगाल आने वाले अमेरिकी पर्यटकों की सुरक्षा, पर्यटन सेवाओं की विश्वसनीयता तथा भविष्य में पर्यटन क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मंत्री डा. घोष ने बताया कि राज्य सरकार पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए २३ जिलों में २४ घंटे संचालित होने वाली हेल्पलाइन तथा पूरे वर्ष उपलब्ध केंद्रीय राज्य हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है।
उन्होंने अमेरिकी पर्यटकों को पश्चिम बंगाल के आधिकारिक ‘टूरिस्ट ऐप’ का उपयोग कर केवल सरकार के साथ पंजीकृत होटल, होमस्टे, ट्रैवल एजेंट और परिवहन सेवाएं बुक करने के लिए प्रोत्साहित करने का अनुरोध अमेरिकी महावाणिज्य दूत से किया।
कांसुल जनरल गिल्स-डियाज ने आधिकारिक टूरिस्ट ऐप तथा पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर वीजा आवेदन संबंधी सुविधा जोड़ने का सुझाव दिया। मंत्री डा. घोष ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान मंत्री डा. घोष ने कोलकाता एयरपोर्ट से अतिरिक्त सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कराने के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रयास किए जाने की योजना भी साझा की। प्रत्यक्ष अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क के विस्तार से पश्चिम बंगाल को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में स्थापित करने और विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
दोनों पक्षों ने पर्यटन क्षेत्र के विकास, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार तथा पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए हरसंभव क्षेत्र में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।





