विंडहोक: टी-२० ट्राई सीरीज के पहले मैच में नामीबिया ने बड़ा उलटफेर करते हुए दक्षिण अफ्रीका को १८ रन से पराजित किया। यह नामीबिया की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केवल दूसरी जीत है। इससे पहले नामीबिया ने ११ अक्टूबर २०२५ को दक्षिण अफ्रीका को ४ विकेट से हराया था।
विंडहोक के क्रिकेट ग्राउंड पर शुक्रवार को खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया ने २० ओवर में ९ विकेट खोकर १६३ रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए ७५ रन बनाए, फिर भी दक्षिण अफ्रीका की टीम २० ओवर में ९ विकेट पर १४५ रन ही बना सकी।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नामीबिया की तरफ से अनुभवी ऑलराउंडर जान फ्रायलिंक ने सर्वाधिक ६० रन बनाए। उन्होंने ३८ गेंदें खेलकर छह चौके और दो छक्के लगाए। इसके अलावा लरेन स्टीनकैंप ने २९ गेंदों में ४१ रन बनाए, जिसमें ३ चौके और २ छक्के शामिल हैं। फ्रायलिंक और स्टीनकैंप ने पहले विकेट के लिए ९.४ ओवर में ८४ रन की साझेदारी कर नामीबिया को अच्छी शुरुआत दिलाई।
ओपनिंग साझेदारी टूटने के बाद नामीबिया ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने १९ रन का योगदान दिया। द्वितीय श्रेणी की टीम लेकर खेल रही दक्षिण अफ्रीकी टीम के गेंदबाजों में प्रेनेलन सुब्रायन ने सर्वाधिक ३ विकेट लिए।
इसके बाद चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ३९ रन पर ही ३ विकेट गिर गए। खराब शुरुआत के बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने काफी प्रयास किया, लेकिन साथी खिलाड़ियों से सहयोग न मिलने के कारण दक्षिण अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा। ब्रेविस ने पांच छक्कों और ४ चौकों की मदद से ५० गेंदों में ७५ रन बनाए। इसके अलावा डुआन यानसेन ने अविजित २५ रन बनाए। नामीबिया के गेंदबाजों में रूबेन ट्रम्पलमैन और जेजे स्मिट ने ३-३ विकेट हासिल किए।





