चैंपियन को ५२.६६ करोड़ रुपये, अमेरिकी ओपन में धन की वर्षा

IMG-20260827-WA0044

न्यूयॉर्क: साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट अमेरिकी ओपन २०२६ में खिलाड़ियों पर धन की वर्षा होगी। टूर्नामेंट के पुरुष और महिला एकल विजेता को इस बार ५५ लाख डॉलर (लगभग ५२.६६ करोड़ रुपये) की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि मिलेगी। यह टेनिस इतिहास में किसी भी ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन को मिलने वाली सबसे बड़ी पुरस्कार राशि होगी। यूएस टेनिस एसोसिएशन (यूएसटीए) ने बुधवार को टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि की घोषणा की। अमेरिकी ओपन में मुख्य ड्रॉ के मैच अगले हफ्ते से शुरू होंगे।
​अमेरिकी ओपन २०२६ में खिलाड़ियों को कुल १०.८ करोड़ डॉलर (लगभग १,०३४ करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि बांटी जाएगी। यह पिछले साल की तुलना में लगभग २० प्रतिशत अधिक है, जबकि २०२४ की तुलना में इसमें लगभग ४४ प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष अमेरिकी ओपन के पुरुष और महिला एकल चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ और आर्यना सबालेंका को ५०-५० लाख डॉलर मिले थे। साल २०२५ में टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि ९ करोड़ डॉलर थी।
​अमेरिकी ओपन में १२८ खिलाड़ियों के लिए एकल स्पर्धा के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाना भी फायदेमंद रहेगा। मुख्य ड्रॉ में पहुंचने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को १.४ लाख डॉलर (लगभग १.३४ करोड़ रुपये) मिलेंगे। इसी तरह क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों को ७.८० लाख डॉलर, सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों को १४.५ लाख डॉलर और उपविजेता को २८ लाख डॉलर दिए जाएंगे।
​पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल की विजेता जोड़ी को भी १० लाख डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी। वहीं उपविजेता जोड़ी को ५ लाख डॉलर प्राप्त होंगे। व्हीलचेयर एकल चैंपियन खिलाड़ियों के लिए भी पुरस्कार राशि बढ़ाई गई है। उन्हें १.०४ लाख डॉलर मिलेंगे। यूएसटीए ने खिलाड़ियों के लिए एक नए ‘प्लेयर सपोर्ट प्रोग्राम’ की भी घोषणा की है, जिसके तहत शुरुआत में २० लाख डॉलर की राशि तय की गई है।

About Author

Advertisement