सांसद राजू बिष्ट ने की डिजिटल क्रांति की सराहना
सिलीगुड़ी: भारत में एकीकृत भुगतान प्रणाली (यूपीआई) के सफल संचालन के १० वर्ष पूरे होने के अवसर पर दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने इसे ‘डिजिटल क्रांति का एक दशक’ करार दिया है।
सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू किए गए ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान ने भारत की वित्तीय भुगतान प्रणाली का पूरी तरह से कायाकल्प कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक ने लेन-देन को अत्यधिक तेज, सरल, सुगम और सभी के लिए सुलभ बना दिया है।
छोटे रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं से लेकर बड़े उद्योगपतियों और व्यापारियों तक को यूपीआई ने सशक्त बनाया है। सांसद बिष्ट ने कहा कि इस व्यवस्था ने आम नागरिकों के बीच डिजिटल लेनदेन के प्रति विश्वास जगाया है और भारत को तेजी से एक डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर किया है। उन्होंने दावा किया कि ‘स्कैन, टैप और पे’ के इस दशक ने भारत को डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर एक नया मानदंड (बेंचमार्क) स्थापित करने में मदद की है।










