कोलंबो: भारत के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में मेहमान टीम भारत ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पसिंदु सूर्यबंदारा (८०) और सोनल दिनुशा (नाबाद ८५) के अर्धशतकों की बदौलत श्रीलंका ने मंगलवार को तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में ८ विकेट पर २६५ रन बना लिए हैं।
बारिश के कारण तीसरे दिन का खेल समय से पहले ही समाप्त घोषित कर दिया गया। श्रीलंका की टीम पहली पारी के आधार पर अभी भी भारत से २३८ रन पीछे है और उसे फॉलोऑन का खतरा टालने के लिए ३९ रनों की आवश्यकता है। दिन का खेल खत्म होने तक दिनुशा ८५ और लाहिरू कुमारा ८ रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। दिनुशा ने १३७ गेंदों का सामना करते हुए ६ चौके और २ छक्के लगाए हैं। भारतीय गेंदबाजों में प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने ३-३ विकेट चटकाए।
दूसरे दिन के २ विकेट पर ८ रन से आगे खेलते हुए श्रीलंका की शुरुआत मंगलवार को अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज कामिल मिशारा (१९) जल्द ही पवेलियन लौट गए। ३५ रन पर ३ विकेट गिरने के बाद सूर्यबंदारा ने कामिंडु मेंडिस के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए ८७ रनों की साझेदारी की। मेंडिस ३२ रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद कप्तान धनंजय डी सिल्वा भी स्पिनर मानव सुथार का शिकार बने। १३७ रन पर ५वां झटका लगने के बाद सूर्यबंदारा ने सोनल दिनुशा के साथ मिलकर पारी को संभाला। शानदार बल्लेबाजी कर रहे सूर्यबंदारा १३३ गेंदों में ९ चौकों की मदद से ८० रन बनाकर जडेजा की गेंद पर आउट हुए।
१७१ रन पर छठा विकेट गिरने के बाद दिनुशा ने एक छोर संभाले रखा और श्रीलंका को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचाया। दिन के खेल के अंतिम क्षणों में श्रीलंका ने निरोशन डिकवेला (०) और केशरा नुवांता (१८) के विकेट गंवाए।










