सैमसंग गैलेक्सी एस२६ एफई २७ अगस्त को होगा लॉन्च

IMG-20260821-WA0083

​नई दिल्ली: स्मार्टफोन की दुनिया में एक बार फिर तहलका मचाने के लिए दिग्गज टेक कंपनी सैमसंग पूरी तरह तैयार है। कंपनी २७ अगस्त को एक भव्य ‘गैलेक्सी इवेंट’ आयोजित करने जा रही है। लंबे समय से चर्चा में बना ‘सैमसंग गैलेक्सी एस२६ एफई’ इसी इवेंट में लॉन्च किए जाने की पूरी संभावना है।
​सैमसंग की ‘फैन एडिशन’ (एफई) सीरीज हमेशा से कम कीमत में फ्लैगशिप स्मार्टफोन के प्रीमियम फीचर्स चाहने वाले ग्राहकों की पहली पसंद रही है।
​सैमसंग का यह इवेंट २७ अगस्त को भारतीय समयानुसार शाम ५:३० बजे शुरू होगा। दर्शक इसे घर बैठे सैमसंग की आधिकारिक वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए देख सकेंगे। हालांकि कंपनी ने सीधे तौर पर मॉडल के नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन टेक रिपोर्ट्स का स्पष्ट संकेत है कि यह फोन ‘गैलेक्सी एस२६ एफई’ ही होगा।
​लीक हुई जानकारियों के अनुसार, फोन में ६.७ इंच का बड़ा ‘डायनामिक एमोलेड २एक्स’ डिस्प्ले मिल सकता है। शानदार विजुअल अनुभव के लिए इसमें १२०हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और १,९०० निट्स की ब्राइटनेस दी जा सकती है। रियर पैनल पर पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल, एल्युमिनियम फ्रेम, गोरिल्ला ग्लास प्रोटेक्शन और आईपी६८ वाटर-डस्ट रेसिस्टेंस जैसी खूबियां इसे काफी मजबूत और आकर्षक बनाती हैं।
​परफॉर्मेंस के मामले में इसमें सैमसंग का नया ३-नैनोमीटर एक्सिनोस २५०९ प्रोसेसर दिए जाने की उम्मीद है। यह फोन ८जीबी रैम के साथ १२८जीबी और २५६जीबी स्टोरेज विकल्पों में आ सकता है। सबसे खास बात यह है कि कंपनी इस फोन के साथ पूरे ७ साल तक सॉफ्टवेयर और सुरक्षा अपडेट की गारंटी दे सकती है। इसके अलावा ‘गैलेक्सी एआई’ के कई दमदार फीचर्स भी इसमें शामिल होंगे।
​फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए इसमें ५० मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा (ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन(ओआईएस) सपोर्ट के साथ), १२ मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड और ८ मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस (३x ज़ूम) दिया जा सकता है। फ्रंट में १२ मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा होगा। फोन को पावर देने के लिए ४५वाट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली ४,९००एमएएच की बैटरी दी जा सकती है।
​कंपनी ने अभी आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में इसकी शुरुआती कीमत ₹६०,००० से ₹६५,००० के बीच हो सकती है। २७ अगस्त को लॉन्च के साथ ही इसकी सही कीमत और ऑफर्स की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।

About Author

Advertisement