धावकों और साहसिक प्रेमियों को मुख्यमंत्री खांडू का आमंत्रण
ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने ‘तवांग मैराथन २०२६’ की घोषणा करते हुए दुनिया भर के धावकों, फिटनेस प्रेमियों और साहसिक पर्यटकों को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।
समुद्र तल से १०,००० फीट से अधिक की ऊंचाई पर आयोजित होने वाली यह मैराथन धावकों को हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी सहनशक्ति को परखने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगी।
सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा करते हुए मुख्यमंत्री खांडू ने लिखा, “जहां हवा पतली है और पहाड़ ऊंचे हैं, वहां अपनी सीमाओं को आगे बढ़ाएं। तवांग में १०,००० फीट से अधिक की ऊंचाई पर दौड़ें और उच्च हिमालय में अपनी सहनशक्ति का परीक्षण करें। मैं सभी धावकों, फिटनेस प्रेमियों और साहसिक प्रेमियों को तवांग मैराथन २०२६ में भाग लेने और अरुणाचल प्रदेश की अद्वैत सुंदरता का अनुभव करने के लिए आमंत्रित करता हूं।”
मुख्यमंत्री द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह प्रतियोगिता २४ अक्टूबर २०२६ को अरुणाचल प्रदेश के तवांग में आयोजित होगी। इस आयोजन के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।








