पाकिस्तान के खिलाफ मैच जीतना भारत के लिए बेहद जरूरी

IMG-20260818-WA0117

​एमस्टेलवीन (नीदरलैंड): एफआईएच हॉकी विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ २-४ से हार का सामना करने के बाद भारतीय पुरुष टीम मुश्किलों में घिर गई है। मैच में एक समय २-१ से आगे रहने के बावजूद दूसरे हाफ में ३ गोल खाकर भारत ने मैच गंवा दिया। अब भारत के सामने पाकिस्तान की चुनौती है और उस मैच में भी हार मिलने पर भारतीय टीम के विश्व कप जीतने के सपने पर विराम लग सकता है।
​भारत ने अपने पहले मैच में वेल्स के खिलाफ ३-१ से जीत हासिल की थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ हार से उसकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। पूल डी में इंग्लैंड २ मैचों में ६ अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर है। वहीं भारत ३ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान और वेल्स के खाते में २-२ मैचों के बाद १-१ अंक है।
​वर्ल्ड कप के नियमों के अनुसार, प्रत्येक पूल की शीर्ष २ टीमें अगले दौर में प्रवेश करेंगी, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें ९वें से १६वें स्थान की क्लासिफिकेशन मैच खेलेंगी।
​भारत के लिए अगला मैच सबसे महत्वपूर्ण होगा क्योंकि सामने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान है। मैच में भारत के हारने पर पाकिस्तान ४ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर आ जाएगा, जबकि भारत के पास ३ अंक ही रहेंगे। उस स्थिति में भारत के लिए शीर्ष २ में जगह बनाना संभव नहीं होगा और टीम का विश्व कप जीतने का सपना अधूरा रह जाएगा।
​इसी वजह से भारत को इस मैच से कम से कम ड्रॉ की आवश्यकता होगी। अगर भारत जीत हासिल करता है तो वह ६ अंकों के साथ अगले चरण में पहुंच जाएगा। मैच ड्रॉ होने की स्थिति में भारत के ४ अंक हो जाएंगे। ऐसे में भारत की नजर वेल्स और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले मैच पर रहेगी। उस मैच में वेल्स के हारने या मैच ड्रॉ रहने पर भारत दूसरे स्थान पर रहकर अगले दौर में पहुंच सकता है।
​इस बीच यदि वेल्स इंग्लैंड को हरा देता है और भारत-पाकिस्तान मैच ड्रॉ रहता है, तो भारत और वेल्स के बीच दूसरे स्थान का फैसला गोल अंतर के आधार पर होगा। इंग्लैंड के खिलाफ हार से परिस्थितियां जटिल जरूर हुई हैं, लेकिन भारतीय टीम अपने भाग्य का फैसला खुद कर सकती है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत भारत के लिए अगले दौर में पहुंचने का मजबूत कदम साबित होगी।

About Author

Advertisement