नई दिल्ली: सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड (सीडीएसएल) के इन्वेस्टर प्रोटेक्शन फंड (आईपीएफ) ने निवेशकों के बीच सोच-समझकर वित्तीय योजना बनाने और बुद्धिमानी से निवेश करने की आदत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक बहुभाषी निवेशक शिक्षा फिल्म जारी की है। अमर चित्र कथा के सहयोग से तैयार की गई इस फिल्म में एक रोचक कहानी के माध्यम से निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण सिद्धांतों को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया है, ताकि विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक-आर्थिक वर्गों के निवेशक इसे आसानी से समझ सकें।
’द गार्डन ऑफ प्रॉस्पेरिटी’ नाम की इस एनिमेटेड फिल्म में अकबर और बीरबल की कहानी के माध्यम से एक नवविवाहित जोड़े को शादी में मिले उपहारों को समझदारी से निवेश करने का तरीका सिखाया गया है। बगीचे की देखभाल और उसे सजाने का उदाहरण देते हुए फिल्म में लक्ष्य-आधारित निवेश, अलग-अलग वित्तीय लक्ष्यों के लिए निवेश में विविधता (डाइवर्सिफिकेशन) लाने, समयसीमा के अनुसार निवेश का चयन करने और आपातकालीन कोष (इमरजेंसी फंड) बनाए रखने के महत्व को दर्शाया गया है।
यह फिल्म अंग्रेजी, हिंदी, मराठी, बंगाली, गुजराती, पंजाबी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, उड़िया और असमिया सहित कुल 12 भाषाओं में उपलब्ध है। इससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के निवेशकों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए सीडीएसएल आईपीएफ सचिवालय के प्रमुख सुधीश पिल्लई ने कहा कि जटिल वित्तीय अवधारणाओं को दैनिक जीवन से जुड़ी सरल कहानियों के माध्यम से समझाने पर वित्तीय शिक्षा अधिक प्रभावी होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि अकबर-बीरबल की लोकप्रिय कहानी को व्यावहारिक वित्तीय पाठों के साथ जोड़कर बनाई गई यह फिल्म हर उम्र और क्षेत्र के लोगों को निवेश को समझने में आसान बनाएगी।
यह पहल सीडीएसएल आईपीएफ और अमर चित्र कथा के बीच चल रहे निरंतर सहयोग का ही एक विस्तार है। इससे पहले भी ‘द अनऑफिशियल उस्ताद’ और ‘द गोल्डन पीकॉक फ्रॉड’ जैसी निवेशक शिक्षा से जुड़ी कॉमिक्स श्रृंखलाएं प्रकाशित हो चुकी हैं। सीडीएसएल आईपीएफ देश भर में निवेशक जागरूकता अभियान चलाकर वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने और लोगों को आत्मनिर्भर निवेशक बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है।











