गंगटोक: सिक्किम की राजधानी गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में ८०वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने कहा कि राज्य सरकार जनता की जरूरतों और आकांक्षाओं को सुशासन के केंद्र में रखकर काम कर रही है। उन्होंने ‘सुनौलो, समृद्ध और समर्थ सिक्किम’ के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि राज्यवासियों का विश्वास और अटूट समर्थन ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा का स्रोत है।

इस अवसर पर राज्य के विकास, सुरक्षा और जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान शौर्य पुरस्कार, पुलिस पदक, श्रवण कुमार पुरस्कार और राज्य मेधावी सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके अलावा वर्ष २०२५-२६ की कक्षा १०वीं और १२वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सहकारी समितियों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह का मुख्य आकर्षण भव्य परेड रहा, जिसमें विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार अनुशासन और मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने सभी पुरस्कार विजेताओं और परेड में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी।











