द्विपक्षीय संबंधों पर हुई व्यापक चर्चा
काठमांडू: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को सिंह दरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद भारतीय राजदूत के साथ शाह की यह पहली ‘वन-ऑन-वन’ (आमने-सामने) औपचारिक बैठक थी।
प्रधानमंत्री सचिवालय के अनुसार, इस बैठक में नेपाल और भारत के बीच ऐतिहासिक द्विपक्षीय संबंधों, साझा हितों, विकास साझेदारी तथा विभिन्न क्षेत्रों में पारस्परिक सहयोग को लेकर गहन चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भारत के साथ नेपाल के प्राचीन एवं बहुआयामी संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने तथा साझा हितों वाले मुद्दों पर मिलकर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान शाह ने भारतीय राजदूत को विशेष मैथिली पेंटिंग भेंट की।
राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री शाह को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं और बधाई संदेश सौंपा। श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी को और गहरा करने के संदर्भ में यह मुलाकात बेहद सार्थक और उपयोगी रही।
उल्लेखनीय है कि कूटनीतिक बैठकों से दूरी बनाए रखने की अपनी पुरानी नीति में बदलाव करते हुए प्रधानमंत्री शाह अब विदेशी राजदूतों से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। सोमवार को ही शाह की चीन के राजदूत झांग माओमिंग से भी अलग से बैठक प्रस्तावित है, जबकि मंगलवार को नेपाल में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी स्कॉट उर्बोम भी उनसे मुलाकात करेंगे।








