सिलीगुड़ी: कंचनजंगा स्टेडियम में नई पार्किंग सुविधा शुरू

FB_IMG_1786381676857

विधान रोड और हिल कार्ट रोड को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी शहर में लंबे समय से चली आ रही यातायात और पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सोमबार कंचनजंगा स्टेडियम के मेला मैदान में एक नई पार्किंग सुविधा का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस सुविधा का उद्घाटन राज्य के मंत्री डा. शंकर घोष ने किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों जैसे विधान रोड, हिल कार्ट रोड और खुदीराम पल्ली में वाहनों के अत्यधिक दबाव और ट्रैफिक जाम को नियंत्रित करना है।
​मंत्री डा. शंकर घोष के अनुसार, विधान रोड और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों और दुकानदारों को अब सड़क किनारे अपने वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी; उन्हें अपने वाहन मेला मैदान में ही पार्क करने होंगे। इसके अलावा, शहर के बाहर से आने वाले वाहनों को भी यहाँ पार्किंग की सुविधा दी जाएगी।
​सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरे पार्किंग स्थल को २ प्रमुख ज़ोन में बांटा गया है। ज़ोन १ को पूरी तरह से स्थानीय व्यापारियों के वाहनों के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि ज़ोन २ का उपयोग बाहर से आने वाले आगंतुकों के वाहनों के लिए किया जाएगा।

प्रशासन ने आम जनता और व्यापारियों को राहत देते हुए घोषणा की है कि शुरुआती १५ दिनों के लिए यह पार्किंग सेवा पूरी तरह से मुफ्त रहेगी। इसके पश्चात, एक निश्चित और निर्धारित शुल्क लागू किया जाएगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से शहर की सड़कों पर ट्रैफिक की स्थिति में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

About Author

Advertisement