नई दिल्ली: प्रीमियर लीग क्लब आर्सेनल ने ब्राजील के अंतरराष्ट्रीय मिडफील्डर ब्रूनो गिमाएश को न्यूकैसल यूनाइटेड से अपनी टीम में शामिल किया है। क्लब ने शनिवार को गिमाएश के साथ लंबे समय के अनुबंध की घोषणा की। आर्सेनल में २८ वर्षीय मिडफील्डर ३९ नंबर की जर्सी पहनेंगे और जल्द ही अपनी नई टीम से जुड़ेंगे।
गिमाएश ने न्यूकैसल में ४ सीजन से अधिक समय बिताया और इस दौरान १५३ मैच खेलकर ३० गोल भी किए। क्लब के मिडफील्ड में प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर उन्होंने प्रीमियर लीग के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डरों में अपनी पहचान बनाई। गिमाएश ने २०२५ में न्यूकैसल को काराबाओ कप चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने क्लब को दो सीजन में यूईएफए चैंपियंस लीग के लिए क्वालीफाई कराने में भी मदद की।
गिमाएश ने २०१५ में ब्राजील के साओ पाउलो स्थित क्लब अडैक्स के साथ अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की थी। दो साल बाद वह एथलेटिको परानाएंसे में शामिल हुए और क्लब को ४ प्रमुख ट्रॉफी जीतने में मदद की। जनवरी २०२० में वह फ्रांस के क्लब ल्यों में शामिल हुए थे। लीग १ में २ सीजन बिताने के बाद जनवरी २०२२ में वह न्यूकैसल में शामिल हुए, जहां वह जल्द ही टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल हो गए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गिमाएश ने ब्राजील के लिए ४८ मैच खेलकर ३ गोल किए हैं। वह फीफा विश्व कप और कोपा अमेरिका में ब्राजील टीम का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक २०२० में ब्राजील के साथ स्वर्ण पदक भी जीता था।
आर्सेनल के स्पोर्टिंग डायरेक्टर एंड्रिया बर्ता ने गिमाएश का स्वागत करते हुए कहा कि वह टीम में गुणवत्ता के साथ-साथ मजबूत नेतृत्व भी लाएंगे। बर्ता ने कहा, “ब्रूनो असाधारण सोच और गुणवत्ता वाले खिलाड़ी हैं, जो टीम में मजबूत नेतृत्व लाएंगे। ब्रूनो के हमारे साथ जुड़ने से हम टीम के मुख्य हिस्से को और मजबूत बना सकेंगे। वह बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। वह डिफेंसिव मिडफील्डर और बॉक्स-टू-बॉक्स खिलाड़ी दोनों की भूमिका प्रभावशाली ढंग से निभा सकते हैं।” बर्ता के अनुसार, अलग-अलग भूमिकाओं में खेलने की गिमाएश की क्षमता से आर्सेनल के मैनेजर मिकेल आर्टेटा को टीम की रणनीति विकसित करने में अधिक विकल्प प्राप्त होंगे।











