श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में युवा ऑलराउंडर सारांश जैन को जगह

IMG-20260728-WA0049

मुंबई: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ २ टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए १५ सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की। दोनों देशों के बीच टेस्ट श्रृंखला की शुरुआत १५ अगस्त से होगी। शुभमन गिल एक बार फिर टेस्ट टीम के कप्तान होंगे, जबकि अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।
​टेस्ट टीम में नए चेहरे के रूप में ऑलराउंडर सारांश जैन को शामिल किया गया है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले मध्य प्रदेश के इस ऑलराउंडर को पहली बार सीनियर टीम में स्थान मिला है। उन्होंने टीम में चोटिल वाशिंगटन सुंदर की जगह ली है।
​इसी तरह तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को भी टीम में जगह मिली है, लेकिन इन दोनों की उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी। सारांश ने हाल ही में भारत ‘ए’ की ओर से श्रीलंका ‘ए’ के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन किया था।
​टेस्ट टीम में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल संभालेंगे। ऑलराउंडर के रूप में टीम में रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार शामिल हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई बुमराह करेंगे। उनके साथ मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार होंगे। भारत ने अपना आखिरी टेस्ट मैच अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था।
​भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच १५ अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं दूसरा टेस्ट मैच २३ से २७ अगस्त तक कोलंबो के एसएससी क्रिकेट ग्राउंड में होगा।
​भारतीय टेस्ट टीम इस प्रकार है:
​शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन (फिटनेस पर निर्भर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह (फिटनेस पर निर्भर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।

About Author

Advertisement