​मैच जिताऊ पारी के साथ अक्षर पटेल ने रचा इतिहास

IMG-20260715-WA0049

बर्मिंघम: भारत ने मंगलवार को खेले गए पहले वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में इंग्लैंड को ६ विकेट से हराकर ३ मैचों की सीरीज में १-० की बढ़त हासिल कर ली। एजबेस्टन में मिली इस जीत के मुख्य नायक अक्षर पटेल रहे, जिन्होंने असाधारण ऑलराउंड प्रदर्शन के साथ टीम को जीत दिलाने के साथ-साथ इतिहास रच दिया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ही भारत ने इंग्लैंड दौरे पर जीत का सूखा भी समाप्त किया।
​मैच में अक्षर ने ४ विकेट लेने के साथ-साथ बाद में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरकर नाबाद ५७ रनों की मैच जिताऊ पारी भी खेली। इसके साथ ही वह विदेशी सरजमीं पर एक वनडे मैच में ४ विकेट लेने के साथ ५० से अधिक रन बनाने वाले भारत के केवल तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
​इससे पहले सचिन तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ढाका में खेले गए मैच में १४१ रन बनाने के साथ ही ४ विकेट लिए थे। इसी तरह हार्दिक पांड्या ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में ७१ रन बनाने के साथ ४ विकेट लिए थे।
​अक्षर ने मंगलवार को ६२ रन देकर ४ विकेट लिए। इसके बाद उन्होंने ५२ गेंदें खेलकर ५ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद ५७ रन बनाए।
​एक और रिकॉर्ड अक्षर के नाम
​अक्षर ने एक और उपलब्धि हासिल की है। वह युवराज सिंह और हार्दिक पांड्या के बाद इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में ५० से अधिक का स्कोर बनाने के साथ-साथ ४ विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं। युवराज ने २००८ में राजकोट वनडे में ११८ रन बनाने के साथ ही ४ विकेट लिए थे।
​अक्षर पटेल अब अपने वनडे करियर में एक और मील का पत्थर छूने के करीब पहुंच गए हैं। उन्हें १००० वनडे रन पूरे करने के लिए अब केवल ८५ रनों की आवश्यकता है।
​भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मैच १६ जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेला जाएगा।

About Author

Advertisement