इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ‘मैंगो डिप्लोमेसी’ (आम कूटनीति) इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब सुर्खियां बटोर रही है। इसी कड़ी में हंगरी के नवनियुक्त प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार को जब पाकिस्तान से रसीले आमों का तोहफा मिला, तो उन्होंने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करने के साथ-साथ तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन पर एक मजेदार तंज कस दिया।
पीएम पीटर मैग्यार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “हर कोई गिफ्ट में रिवॉल्वर नहीं देता। एक ऐतिहासिक दिन के अंत में मेरे दफ्तर में एक बेहद खूबसूरत सरप्राइज मेरा इंतजार कर रहा था। हमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की ओर से तोहफे में ९० शानदार आम मिले हैं।” उन्होंने शहबाज शरीफ का शुक्रिया अदा करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा कि एक घंटे के भीतर ही ये आम खत्म होने की कगार पर पहुंच गए और अब बस कुछ ही बचे हैं।
एर्दोगन के ‘बंदूक वाले गिफ्ट’ पर साधा निशाना
दरअसल, मैग्यार के इस पोस्ट की पहली लाइन सीधे तौर पर तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन के लिए एक कटाक्ष थी। हाल ही में अंकारा में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान एर्दोगन ने हंगरी के प्रधानमंत्री सहित अन्य विश्व नेताओं को एक अनोखा उपहार दिया था। यह एक विशेष .३५७ मैग्नम रिवॉल्वर थी, जिस पर पीटर मैग्यार का नाम खुदा हुआ था और साथ में जिंदा कारतूस भी दिए गए थे।
इस तरह के ‘हथियार’ को कूटनीतिक उपहार के रूप में देने के लिए एर्दोगन को सोशल मीडिया पर काफी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ रहा है। कई यूजर्स का कहना है कि किसी राजनेता को गोली पर नाम लिखकर बंदूक देना एक अजीब और नकारात्मक संकेत है।
क्या है पाकिस्तान की ‘मैंगो डिप्लोमेसी’?
पाकिस्तानी फलों को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने और मित्र देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए शहबाज शरीफ ने इस महीने की शुरुआत में दुनिया के ७६ देशों के राष्ट्राध्यक्षों को आम भेजने का फैसला किया था। इस योजना के तहत करीब ३४ टन आमों को विशेष रूप से ५.५ किलोग्राम के बक्सों में पैक करके सऊदी अरब, चीन, ब्रिटेन और तुर्की सहित कई देशों में भेजा गया है, जिसने हंगरी पहुंचकर एक नया कूटनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।









