फूलबारी: दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, खरसांग और तराई क्षेत्र के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज उत्तरकन्या में एक महत्वपूर्ण ‘जीटीए समीक्षा बैठक’ संपन्न हुई।
पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री विशाल लामा की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में दार्जिलिंग के माननीय सांसद श्री राजू बिष्ट, गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन (जीटीए) के प्रधान सचिव सहित विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान दार्जिलिंग हिल्स और आसपास के क्षेत्रों में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की वर्तमान प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही क्षेत्र के आर्थिक-सामाजिक परिवर्तन और आम जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप प्रशासनिक सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाने के संबंध में सकारात्मक चर्चा हुई।
बैठक के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए मंत्री विशाल लामा ने कहा कि जनता की उम्मीदों के अनुसार विकास कार्यों को और अधिक तेज, पारदर्शी तथा परिणामोन्मुखी बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए सभी हितधारकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग के साथ आगे बढ़ने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
इस समीक्षा बैठक से आने वाले दिनों में दार्जिलिंग और समग्र उत्तर बंगाल क्षेत्र में सुशासन तथा प्रभावी जनसेवा वितरण को एक नई गति मिलने की उम्मीद है।










