बैंकॉक के मशहूर बार में भीषण आग, २७ लोगों की मौत, २२ गंभीर रूप से झुलसे

Fire-in-bangkok-pub-1783887161501

बैंकॉक: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक बेहद लोकप्रिय बार में रविवार रात भीषण आग लगने से कम से कम २७ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में २२ लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
​बैंकॉक के ज्याटुज्याक क्षेत्र स्थित ‘रंग बियर ना लाट फ्राओ’ नामक रेस्टोरेंट और मनोरंजन केंद्र में आधी रात के वक्त यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टेज के पास से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते पूरे बार को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही बिजली गुल हो गई और पूरे परिसर में घना धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।
​शौचालय में मिले अधिकांश शव
सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक भारी तबाही हो चुकी थी। राहत और बचाव कर्मियों को अधिकांश शव बार के शौचालय से मिले हैं। माना जा रहा है कि आग और धुएं से बचने के लिए लोगों ने शौचालय में शरण ली थी, जहां दम घुटने से उनकी मौत हो गई। मृतकों में ९ पुरुष और १८ महिलाएं शामिल हैं।
​शॉर्ट सर्किट और ज्वलनशील आंतरिक सज्जा बनी वजह
शुरुआती जांच में एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट होने को आग की वजह माना जा रहा है। बैंकॉक के गवर्नर ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि बार के अंदर डेकोरेशन के लिए इस्तेमाल की गई सामग्री बेहद ज्वलनशील थी, जिससे आग तेजी से फैली। इसके अलावा, चॉकलेट और अन्य सामान बेचने के लिए लगाए गए स्टॉल्स ने निकास द्वारों को ब्लॉक कर दिया था, जिससे लोग समय रहते बाहर नहीं निकल पाए।
​थाई प्रधानमंत्री अनूतिन चान्वीरकून ने सोमवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया और मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए। थाईलैंड में कमजोर अग्नि सुरक्षा मानकों के कारण पहले भी ऐसे हादसे होते रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने फिलहाल बार को ३० दिनों के लिए बंद कर दिया है और मृतक के परिजनों व घायलों के लिए आर्थिक मुआवजे की घोषणा की है।

About Author

Advertisement