गुवाहाटी: असम में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ जारी कड़े अभियान के तहत श्रीभूमि जिला पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने करीब १ करोड़ रुपये मूल्य की १०,००० प्रतिबंधित ‘याबा’ टैबलेट जब्त की हैं। इस मामले में दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी देते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पुलिस टीम की सराहना की है। सोशल मीडिया पर बरामदगी की तस्वीरें साझा करते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने मशहूर वेब सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ का जिक्र कर तंज कसते हुए लिखा, “ब्रेकिंग बैड? असम में बिल्कुल नहीं। असम पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि ड्रग्स तस्करों को यहां अपने काले कारोबार का कोई अगला पार्ट (सीक्वल) बनाने का मौका न मिले।”
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एक गुप्त सूचना के आधार पर श्रीभूमि पुलिस ने नाकाबंदी कर इस खेप को पकड़ा। पकड़े गए तस्करों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य को पूरी तरह से नशामुक्त बनाने के लिए ‘असम अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान के तहत पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।










