मेघालय: बागमारा सिविल अस्पताल का काम तेज

0eb0afb7-9749-4ffe-9cf5-62f301e28885

जनता को घर के पास मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं: मुख्यमंत्री

बागमारा: ​मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने दक्षिण गारो हिल्स स्थित बागमारा सिविल अस्पताल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया है।
मुख्यमंत्री संगमा ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) डॉ. संपत कुमार, उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अस्पताल का दौरा कर जमीनी स्थिति की समीक्षा की।
​मुख्यमंत्री संगमा ने अपने आधिकारिक फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया कि दक्षिण गारो हिल्स के लोगों को एक विश्वसनीय और बेहतरीन स्वास्थ्य सेवा केंद्र प्रदान करने के उद्देश्य से बागमारा सिविल अस्पताल को मजबूत किया जा रहा है। वर्तमान में अस्पताल में ११ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है। अस्पताल के ओपीडी (आउटपेशेंट ब्लॉक) के जीर्णोद्धार का काम लगभग पूरा होने वाला है, जबकि ओवरहेड पानी की टंकी का निर्माण और स्टाफ क्वार्टर की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है।
​अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाते हुए एक नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू), ५० बिस्तरों वाला मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) विंग और एक ब्लड बैंक भी जोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही चोकपोट सीएचसी को ‘फर्स्ट रेफरल यूनिट’ (एफआरयू) में अपग्रेड किया जा रहा है। मुख्यमंत्री संगमा ने अधिकारियों की टीम को निर्देश दिया है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से समझौता किए बिना सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा किया जाए। उन्होंने दोहराया कि गारो हिल्स के लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्रतिबद्धताओं में से एक है।

About Author

Advertisement