नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण पर चर्चा, तुहिन ए. सिन्हा की नई किताब का विमोचन
कोलकाता: प्राइमार्क ग्रुप ने समाज के प्रतिष्ठित नेताओं, लेखकों, नीति निर्माताओं और उद्योग जगत के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने के लिए अपने नए वैचारिक मंच ‘द प्राइमार्क पोडियम’ की शुरुआत की है। कंपनी के मूल मंत्र ‘साथ मिलकर ही प्रगति है’ को दर्शाते हुए इस मंच का पहला कार्यक्रम कोलकाता के प्राइमार्क स्क्वायर स्थित निशतारा बैंक्वेट में आयोजित किया गया। इस पहले कार्यक्रम का विषय ‘नेतृत्व, जुझारूपन और राष्ट्र निर्माण से सीख’ रखा गया था। इस अवसर पर जाने-माने लेखक और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन ए. सिन्हा की नई किताब ‘नक्शाल टेरर वैंक्विश्ड’ का कोलकाता में विमोचन भी किया गया।
किताब के विमोचन के बाद देश में वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ लड़ाई, शासन-प्रशासन की भूमिका और देश के सामूहिक संकल्प पर एक विशेष पैनल चर्चा आयोजित की गई। चर्चा में हिस्सा लेते हुए लेखक और प्रवक्ता तुहिन ए. सिन्हा ने कहा कि अब तक १४ किताबें लिख चुके सिन्हा ने अपनी नई पुस्तक में नक्सलवाद के खिलाफ भारत के अभियान, मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और सुरक्षा तंत्र को रेखांकित किया है। वहीं पूर्व आईएएस अधिकारी और लेखक चंदन सिन्हा ने दशकों के प्रशासनिक अनुभव और अपनी पुस्तक ‘कंट्रोलिंग ऑफ एन इंसरेक्शन’ के आधार पर जंगलमहल इलाके में माओवादी उग्रवाद पनपने के सामाजिक और आर्थिक कारणों का सटीक विश्लेषण किया। इसके साथ ही ‘द प्रिंट’ के कंट्रीब्यूटिंग एडिटर और पुरस्कार विजेता पत्रकार दीप हलदर ने समकालीन सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों और समाज पर उनके प्रभाव पर अपनी बारीक समझ पेश की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पश्चिम बंगाल सरकार की शहरी विकास और नगरपालिका मामलों की मंत्री श्रीमती अग्निमित्रा पॉल और उद्योग, वाणिज्य व उद्यम विभाग के प्रभारी मंत्री श्री तापस रॉय शामिल हुए। वरिष्ठ राजनेता अग्निमित्रा पॉल ने शासन और राष्ट्र निर्माण पर अपना नजरिया रखा, वहीं मंत्री तापस रॉय ने सरकारी नीतियों, औद्योगिक विकास और टिकाऊ विकास पर सार्थक बात की।
इस विशेष मौके पर प्राइमार्क ग्रुप के डायरेक्टर एवं क्रेडाई बंगाल के पूर्व अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ पंसारी ने कहा कि प्राइमार्क में असली प्रगति सिर्फ इमारतों या बुनियादी ढांचे से नहीं, बल्कि नए विचारों से तय होती है। उन्होंने बताया कि ‘द प्राइमार्क पोडियम’ के जरिए कंपनी की कोशिश एक ऐसा मंच देने की है जहां सार्थक चर्चाओं से नेतृत्व को प्रेरणा मिले और सब मिलकर आगे बढ़ सकें। ‘द प्राइमार्क पोडियम’ एक निरंतर चलने वाली श्रृंखला है, जिसके जरिए आगे भी अलग-अलग क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को एक मंच पर लाकर लोक नीति, व्यापार, संस्कृति और समाज से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद जारी रखा जाएगा।










