डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने के बाद क्रिप्टो से बनाया एक अरब डॉलर से अधिक का मुनाफा

da27bf84-6250-44b2-b9ce-5d18ccc7905f

वित्तीय विवरण सार्वजनिक

वाशिंगटन डीसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वर्ष २०२५ के अपने अनिवार्य वित्तीय प्रकटीकरण (फाइनेंशियल डिस्क्लोजर) में खुलासा किया है कि उन्होंने पिछले साल क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े व्यापार से एक अरब डॉलर से अधिक की कमाई की है। कुल ९२७ पन्नों की इस विस्तृत वित्तीय घोषणा के अनुसार ट्रंप को उनके राष्ट्रपति पद संभालने से ठीक पहले लॉन्च किए गए ‘ट्रंप मीम कॉइन’ से ६३ करोड़ ५० लाख डॉलर की रॉयल्टी मिली है, हालांकि बाद में इसकी कीमत में भारी गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा उनके बेटों और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के बच्चों द्वारा स्थापित क्रिप्टो कंपनी ‘वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल’ से ट्रंप को ५० करोड़ डॉलर से अधिक की आय हुई है। ट्रंप ने अपने पारंपरिक रियल एस्टेट व्यवसाय और ट्रंप ब्रांड की घड़ियों, बाइबल, जूतों, परफ्यूम तथा गिटार की बिक्री से भी करोड़ों डॉलर कमाए हैं, जबकि प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने अपनी डॉक्यूमेंट्री के लाइसेंस और एनएफटी की बिक्री से १ करोड़ ६७ लाख डॉलर अर्जित किए हैं।
​राष्ट्रपति ट्रंप ने विभिन्न कानूनी मामलों के समझौतों से ८ करोड़ ६५ लाख डॉलर की आय भी घोषित की है, जिसमें मेटा से २ करोड़ ४५ लाख, यूट्यूब से २ करोड़ २० लाख, एबीसी और सीबीएस से १६-१६ मिलियन (१ करोड़ ६० लाख) तथा एक्स से ८० लाख डॉलर शामिल हैं। व्हाइट हाउस ने ट्रंप पर लगे राष्ट्रपति पद के व्यक्तिगत लाभ के लिए इस्तेमाल के आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि ट्रंप का पूरा कारोबार एक ट्रस्ट के अधीन है जिसका प्रबंधन उनके बेटे संभाल रहे हैं। व्हाइट हाउस की उप प्रेस सचिव एना केली ने कहा कि राष्ट्रपति ने गर्व के साथ अमेरिका को दुनिया की क्रिप्टो राजधानी बनाया है। २०१२ में बिटकॉइन को स्कैम बताने वाले ट्रंप ने अब पासा पलटते हुए क्रिप्टो उद्योग के जिम्मेदार विकास के लिए कार्यकारी आदेश और ‘जीनियस एक्ट’ पर हस्ताक्षर किए हैं। फोर्ब्स और ब्लूमबर्ग के अनुसार ट्रंप की कुल संपत्ति अब ६ से ७.६ अरब डॉलर के बीच आंकी गई है, और उनका यह ९०० पन्नों से अधिक का वित्तीय विवरण पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के ११ पन्नों के विवरण की तुलना में बेहद विस्तृत है।

About Author

Advertisement