नकदी समेत सारा सामान मालिक को सौंपा
सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के तहत बागडोगरा हवाई अड्डे पर एक यात्री का खोया हुआ हैंड बैगेज पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण सकुशल बरामद कर लिया गया है। दिल्ली से बागडोगरा पहुंचे एक यात्री ने बागडोगरा थाने के अंतर्गत बागडोगरा एयरपोर्ट पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका एक हैंड बैग हवाई अड्डे पर कहीं छूट या खो गया है। यात्री के अनुसार उस बैग में नकदी (कैश) और कई अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तिगत दस्तावेज और कीमती सामान मौजूद थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बागडोगरा एयरपोर्ट पुलिस चौकी के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर विश्वजीत सरकार ने तुरंत एक्शन लिया और बैग की खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम के त्वरित और सटीक प्रयासों के कारण उस लापता बैग को ढूंढ निकाला गया, जिसमें रखा सारा सामान और नकदी पूरी तरह सुरक्षित पाई गई। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बैग को उसके असली मालिक को सौंप दिया है। अपना कीमती सामान वापस पाकर यात्री ने पुलिस का धन्यवाद किया, वहीं सिलीगुड़ी पुलिस ने एक बार फिर जनता की सुरक्षा, त्वरित सहायता और उनका विश्वास बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।










