मॉस्को: रूसी वायुसेना के सुखोई (एसयू-३५) फाइटर जेट ने युद्ध के मैदान में एक नया इतिहास रचने का दावा किया है। मिली जानकारी के अनुसार, रूसी जेट ने करीब १९० किलोमीटर की अभूतपूर्व दूरी से यूक्रेनी वायुसेना के मिग (मिग-२८) लड़ाकू विमान को हवा में ही मार गिराया। सैन्य विश्लेषक इसे अब तक का सबसे लंबी दूरी का सफल ‘एयर-टू-एयर किल’ मान रहे हैं।
यह दावा २७ जून को पोल्टावा में एक यूक्रेनी जेट के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद सामने आया है। ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस के अनुसार, रूसी लड़ाकू विमान ने अपने ही सुरक्षित हवाई क्षेत्र में रहते हुए आधुनिक ‘आर-३७एम’ मिसाइल से इस हमले को अंजाम दिया। पश्चिमी देशों के अत्याधुनिक विमानों की तुलना में एसयू-३५ का रडार आकार में काफी बड़ा और शक्तिशाली है, जो इसे लंबी दूरी से ही सटीक निशाना लगाने की क्षमता देता है। हालांकि, कुछ सैन्य सूत्रों का यह भी कहना है कि इससे पहले अक्टूबर २०२२ में २१७ किलोमीटर की दूरी से एक यूक्रेनी विमान को गिराने का रिकॉर्ड भी चर्चा में रहा था। यूक्रेन युद्ध में इस घातक मिसाइल तकनीक के इस्तेमाल ने हवाई प्रभुत्व की जंग को और तेज कर दिया है।








