केन्द्रीय कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा के बीच पीएम मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात

PTI06_23_2026_000443B

नई दिल्ली: ​केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव की चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की है। पीएम मोदी और राष्ट्रपति की यह मुलाकात पद्म पुरस्कार समारोह के ठीक बाद राष्ट्रपति भवन में हुई है। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर मोदी कैबिनेट में बदलाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, इस बैठक के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है और न ही केंद्र सरकार की ओर से मंत्रिपरिषद में किसी संभावित बदलाव को लेकर कोई औपचारिक बयान जारी किया गया है। राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इसकी पुष्टि की है।
​इसी बीच, केरल के वरिष्ठ भाजपा नेता जॉर्ज कुरियन ने राज्यसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है, जिसे राष्ट्रपति मुर्मू ने स्वीकार कर लिया है। कुरियन अल्पसंख्यक मामलों के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री थे। उन्होंने जून २०२४ में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली थी। ६५ वर्षीय जॉर्ज कुरियन वर्ष १९८० में भाजपा के गठन के समय से ही पार्टी के सदस्य रहे हैं और उन्होंने केरल में संगठन के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। केरल विधानसभा चुनाव २०२६ में कंजिराप्पल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में उतरे कुरियन चुनाव हार गए थे। केंद्रीय मंत्री के इस्तीफे और उसके तुरंत बाद हुई इस शीर्ष मुलाकात को आगामी कैबिनेट विस्तार के बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

About Author

Advertisement