सिलीगुड़ी में फ्लोर आर्टिस्ट सारिका राजपूत की संदिग्ध मौत का मामला गहराया

Screenshot_20260622_222413_Google

न्याय की गुहार लेकर पुलिस कमिश्नर से मिला परिवार

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी में २१ वर्षीय फ्लोर आर्टिस्ट सारिका राजपूत की रहस्यमयी मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी प्राथमिकी (एफआईआर) में नामजद बार मालिक और मैनेजर के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए मृतका की मां और छोटी बहन ने सोमवार को सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और न्याय की गुहार लगाई।
​मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली सारिका पिछले लगभग दो वर्षों से सिलीगुड़ी में रह रही थी और सेवक रोड स्थित एक रेस्टोरेंट-कम-बार में फ्लोर आर्टिस्ट के रूप में कार्यरत थी। परिजनों के अनुसार, वह अपने परिवार को आर्थिक रूप से सहयोग करने के लिए यहाँ काम कर रही थी। हाल ही में उसका शव भक्ति नगर थाना अंतर्गत सरकारपाड़ा स्थित एक किराए के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया था।
​इस घटना के बाद, सारिका की छोटी बहन ने भक्ति नगर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बार मालिक और मैनेजर पर सारिका को लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया गया था। परिवार का आरोप है कि शिकायत दर्ज किए जाने के बावजूद पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
​मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को सारिका की मां और बहन ने पुलिस कमिश्नरेट में एक नई शिकायत सौंपी और अधिकारियों से निष्पक्ष व तेजी से जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया। दूसरी ओर, पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों का इंतजार कर रहे हैं। जांच अधिकारी मृतका के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रहे हैं और उसके कार्यस्थल व निजी जीवन से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रहे हैं।

About Author

Advertisement