सिलीगुड़ी: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले सभी ट्रैफिक गार्ड्स ने ‘ड्रंकन ड्राइविंग’ (शराब पीकर वाहन चलाने वालों) के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया है।
इस अभियान के तहत सिलीगुड़ी शहर के विभिन्न प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर सघन नाका चेकिंग और वाहनों का कड़ा निरीक्षण किया गया। चेकिंग के दौरान चालकों की अल्कोहल जांच (ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट) की गई और नियम का उल्लंघन कर शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।
सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य चालकों में जिम्मेदार ड्राइविंग व्यवहार को बढ़ावा देना, संभावित सड़क हादसों को रोकना और शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाले गंभीर खतरों के बारे में आम जनता के बीच व्यापक जागरूकता पैदा करना है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में भी इस तरह की अचानक चेकिंग और विशेष अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा।









