मेक्सिको सिटी: कोलंबिया ने दूसरे हाफ के खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए फीफा वर्ल्ड कप २०२६ में जीत के साथ शुरुआत की। गुरुवार सुबह खेले गए ग्रुप ‘के’ के मैच में कोलंबिया ने उज्बेकिस्तान को ३-१ से पराजित किया। मेक्सिको के ऐतिहासिक एज़्टेका स्टेडियम में हुए इस मैच में कोलंबिया की तरफ से डैनियल मुनोज़, लुइस डियाज़ और जामिंटन काम्पाज़ ने गोल किए। वहीं, वर्ल्ड कप में डेब्यू करने वाले उज्बेकिस्तान की तरफ से अब्बोसबेक फ़ैज़ुल्लाएव ने गोल किया।
मैच में उज्बेकिस्तान ने कोलंबिया को आसानी से जीत हासिल नहीं करने दी और ६०वें मिनट से पहले तक स्कोर १-१ की बराबरी पर था। मैच में ६७ प्रतिशत पज़ेशन के साथ खेलने वाले कोलंबिया के लिए डैनियल मुनोज़ ने ४०वें मिनट में पहला गोल किया। उन्होंने लुइस डियाज़ के पास पर ‘वन टच फिनिशिंग’ की।
वर्ल्ड कप में पहली बार भाग ले रहे उज्बेकिस्तान ने भी जल्द ही बराबरी हासिल कर ली। अब्बोसबेक फ़ैज़ुल्लाएव ने ६०वें मिनट में गोल करके स्कोर बराबरी पर ला दिया। इसी के साथ वह फीफा वर्ल्ड कप में गोल करने वाले उज्बेकिस्तान के पहले खिलाड़ी बन गए।
हालांकि, उज्बेकिस्तान की यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी। लुइस डियाज़ ने पांच मिनट बाद ही गोल करके कोलंबिया को २-१ की बढ़त दिला दी। अंत में, इंजरी टाइम के नौवें मिनट में जामिंटन काम्पाज़ ने गोल करके कोलंबिया को ३-१ से जीत दिला दी। इस जीत के साथ ही कोलंबिया ३ अंकों के साथ ग्रुप ‘के’ के शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।










