‘विकसित भारत’ अभियान पर चर्चा
गंगटोक: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के १२ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे ने आज सिक्किम के विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों और उनके परिवारों से मुलाकात कर गहन विचार-विमर्श किया।
सिक्किम भर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पिछले १२ वर्षों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई परिवर्तनकारी पहलों से जनता को अवगत कराना और नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना है।
’जैविक खेती के जनक’ पद्मश्री दिवंगत तुलाराम उप्रेती को दी श्रद्धांजलि
भाजपा सिक्किम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्रीय राज्यमंत्री करंदलाजे ने आज तादोंग के ६ माइल स्थित पद्मश्री से सम्मानित दिवंगत तुलाराम उप्रेती के आवास का दौरा किया और उनके परिजनों से मिलकर उप्रेती को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सिक्किम में “जैविक खेती के जनक” के रूप में विख्यात तुलाराम उप्रेती ने आठ दशकों से अधिक समय तक पारंपरिक और रसायन मुक्त कृषि को बढ़ावा देने में अपना जीवन समर्पित कर दिया था। जैविक कृषि के क्षेत्र में उनके इसी अनुकरणीय योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष २०२३ में उन्हें प्रतिष्ठित ‘पद्मश्री’ पुरस्कार से नवाजा था।
शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र के दिग्गजों से संवाद
अपने इस दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने गंगटोक के प्रमुख शिक्षाविद सोनी विर्दी से भी मुलाकात की। माउंट जायन स्कूल समूह के संस्थापक और अध्यक्ष विर्दी ने वर्ष २००५ में जायन किड्जी की स्थापना कर सिक्किम में ‘खेल-खेल में सीखने’ की आधुनिक शिक्षण पद्धति की शुरुआत की थी। इसके अलावा, उन्होंने ऑनलाइन नीट और जेईई कोचिंग तथा स्कूली पाठ्यक्रम में वित्तीय साक्षरता को शामिल करने जैसी कई नवीन पहलों का नेतृत्व किया है।
इसके बाद राज्यमंत्री ने सिक्किम की जानी-मानी उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता शोभा राय से बातचीत की। दूसरी पीढ़ी की सफल उद्यमी शोभा राय स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे बेकिंग, ब्यूटी पार्लर सेवाएं, पेंटिंग और आचार निर्माण जैसे कौशल विकास से जुड़े मुफ्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सिक्किम की महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में निरंतर सहयोग कर रही हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे ने राज्य की कई अन्य गणमान्य हस्तियों से भी मुलाकात की। उन्होंने आत्मनिर्भर समाज के निर्माण, जैविक खेती के संरक्षण तथा प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत” और “विकसित सिक्किम” के संकल्प को धरातल पर उतारने में इन विभूतियों द्वारा दिए जा रहे ऐतिहासिक योगदान की सराहना की।










