कोलकाता: बंधन बैंक ने देश के चार प्रमुख राज्यों में अपनी आठ नई शाखाएं स्थापित करने की आधिकारिक घोषणा की है। बैंक ने अपने नेटवर्क का विस्तार करते हुए कर्नाटक में चार, दिल्ली में दो और उत्तर प्रदेश व हरियाणा में एक-एक नई शाखा का शुभारंभ किया है।
बैंक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ये नई शाखाएं कर्नाटक के धारवाड़ में जुबली सर्कल, मैसूरु में सिद्धार्थ नगर और शिवरामपेट तथा बेंगलुरु के जक्कूर में खोली गई हैं। इसके अलावा दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी और जनकपुरी डी ब्लॉक, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सुशांत गोल्फ सिटी तथा हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर ४६ में नई शाखाओं की स्थापना की गई है। ये सभी नई शाखाएं मुख्य रूप से शहरी और अर्ध-शहरी इलाकों के निवासियों को अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी। बंधन बैंक इन नई शाखाओं के माध्यम से अपने ग्राहकों की विभिन्न प्रकार की वित्तीय आवश्यकताओं को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करने और नए बैंकिंग समाधानों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए तत्पर है।
इस अवसर पर बंधन बैंक के कार्यकारी निदेशक और सीबीओ, श्री राजिंदर कुमार बब्बर ने कहा, “हमें चार राज्यों में आठ नई शाखाएं खोलने की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है। इस विस्तार से हमारा नेटवर्क और अधिक मज़बूत होगा, विशेष रूप से दक्षिण भारत में, जिससे हम अपने ग्राहकों को और बेहतर सेवा दे सकेंगे। नेटवर्क में इस बढ़ोतरी के बीच हम वहनीय विस्तार और ऐसे नए व लचीले बैंकिंग समाधान प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो ग्राहकों की बदलती उम्मीदों पर खरे उतर सकें।”
गौरतलब है कि बंधन बैंक वर्तमान में देश के कुल ३६ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से ३५ में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है। बैंक भारत भर में फैले अपने ६,३८० से अधिक बैंकिंग आउटलेट्स के विशाल नेटवर्क के ज़रिए ३.२ करोड़ से अधिक ग्राहकों को अपनी विश्वसनीय और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है।










