चुनावी झटकों के बाद विपक्षी एकजुटता पर मंथन
काेलकाता: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी आगामी सोमवार ८ जून को होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए शनिवार को दिल्ली रवाना हो गए हैं। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब हालिया विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन को कई राज्यों में करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस बैठक पर विशेष रूप से इसलिए भी टिकी है क्योंकि तृणमूल कांग्रेस लंबे समय से कांग्रेस के नेतृत्व वाले इस गठबंधन से एक निश्चित दूरी बनाकर चलती रही है। ऐसे में विपक्षी एकजुटता के लिहाज से अभिषेक बनर्जी की इस बैठक में मौजूदगी को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्ता से बाहर होने के बाद तृणमूल कांग्रेस के लिए यह पहली बड़ी राष्ट्रीय राजनीतिक बैठक होगी। दूसरी ओर, दक्षिण भारत में भी इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका लगा है, जहां एम. के. स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रमुक (डीएमके) को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, विपक्षी दलों के बीच आपसी समन्वय और राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन को मजबूत करने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। चुनावी नतीजों के बाद गठबंधन के सामने खड़ी हुई संगठनात्मक और राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए एक साझा रणनीति तैयार की जाएगी, जिसके चलते इस बैठक से निकलने वाले राजनीतिक संकेतों पर देश भर की निगाहें टिकी हुई हैं।











