‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान का आगाज
शांति नगर: शांति नगर स्थित शिव मंदिर के पास स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में एक वटवृक्ष (बरगद का पेड़) लगाकर ५४वां विश्व पर्यावरण दिवस बेहद उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सूर्या फाउंडेशन के भीखपुरी गोस्वामी ने बताया कि संस्था इस वर्ष पूरे देश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ की विशेष थीम के साथ पर्यावरण दिवस मना रही है। आज के इस पावन दिन से ही संस्था द्वारा एक वृहद् वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत भी की गई है। इस अभियान के तहत देश के १८ राज्यों के उन सभी गांवों में पौधे लगाए जाएंगे जहां सूर्या फाउंडेशन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है, और साथ ही उन पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाई जाएगी। इस महाअभियान में सूर्या संस्कार केंद्र के शिक्षकों, सेवाभावी अभिभावकों, बच्चों, यूथ क्लब के युवाओं तथा ग्रामीण विकास की सोच रखने वाले प्रबुद्ध नागरिकों को जोड़ा जाएगा।
शांति नगर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष साधन चक्रवर्ती और ग्रामीणों ने वटवृक्ष का विधि-विधान से पूजन कर उसे रोपित किया। इस अवसर पर यह मंगल कामना की गई कि जिस प्रकार वटवृक्ष दीर्घायु होता है और मानव समाज तथा जीव मात्र के कल्याण के लिए अत्यंत उपयोगी माना जाता है, उसी प्रकार सभी ग्रामवासी भी प्राणिमात्र के कल्याण में सहभागी बनें और एक-दूसरे के सुख-दुख में बढ़-चढ़कर साथ निभाएं। इसी भाईचारे और लोक-कल्याण की भावना के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत यह पौधारोपण संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष साधन चक्रवर्ती, भीखपुरी गोस्वामी, एस गोपाल सिंह सहित भारी संख्या में ग्रामीण जनों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।











