नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रासपा) के अध्यक्ष रवि लामिछाने के बीच मंगलवार को भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। यह उच्च स्तरीय मुलाकात भाजपा द्वारा संचालित ‘भाजपा को जानिए’ अभियान के तहत हुई है।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने के साथ-साथ दोनों राजनीतिक दलों के बीच आपसी संबंधों और पारस्परिक सहयोग को मजबूत करने के विषय पर गहन चर्चा हुई।
रासपा अध्यक्ष लामिछाने इस समय पांच दिवसीय भारत दौरे के सिलसिले में नई दिल्ली में हैं। उनके इस भ्रमण दल में नेपाली संसद के अन्य नेता और प्रतिनिधि भी शामिल हैं। बताया गया है कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य भाजपा और रासपा के बीच मैत्रीपूर्ण संवाद स्थापित करने के साथ-साथ दोनों दलों की संगठनात्मक कार्यप्रणाली, दलीय संरचना और जनता केंद्रित राजनीतिक पहुंच के विषयों पर अनुभव एवं विचारों का आदान-प्रदान करना है।
गौरतलब है कि भाजपा अपनी ‘भाजपा को जानिए’ पहल के तहत दुनिया के विभिन्न देशों के राजनीतिक दलों के नेताओं और राजनयिकों को आमंत्रित कर पार्टी के इतिहास, विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे और कार्यशैली से अवगत कराती रही है। नेपाली प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई इस मुलाकात को भी इसी कूटनीतिक कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।











