कोलकाता: नियमित रखरखाव और मरम्मत कार्य के लिए आगामी रविवार को दूसरा हुगली सेतु यानी विद्यासागर सेतु आठ घंटे के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। उस दिन सुबह ६ बजे से दोपहर २ बजे तक इस पुल पर सभी प्रकार के यातायात के परिचालन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। गुरुवार को प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुल की आपातकालीन स्वास्थ्य जांच (हेल्थ चेकअप) तथा केबल एवं अन्य यांत्रिक बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए यह अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। आठ घंटे तक पुल बंद रहने के कारण कोलकाता और हावड़ा के बीच यात्रा करने वाले लोगों को असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का चयन करने अथवा निवेदिता सेतु या हावड़ा पुल का उपयोग करने की सलाह दी गई है।









