नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महान क्रांतिकारी एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक वीर सावरकर (विनायक दामोदर सावरकर) तथा आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नंदमुरी तारक रामाराव (एनटीआर) को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वीर सावरकर का साहस, देशभक्ति, बुद्धिमत्ता और सामाजिक सुधारों के प्रति उनका समर्पण देश की प्रत्येक पीढ़ी को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। सावरकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने वीरता, पराक्रम और ज्ञान के महत्व को दर्शाने वाला एक विशेष संस्कृत श्लोक भी साझा किया। इस श्लोक के माध्यम से उन्होंने यह संदेश दिया कि शास्त्र और शस्त्र दोनों में पारंगत व्यक्ति समाज और राष्ट्र में सकारात्मक तथा शक्तिशाली परिवर्तन ला सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिग्गज अभिनेता एनटीआर को भी श्रद्धापूर्वक याद करते हुए जनकल्याण, सुशासन तथा गरीब एवं वंचित लोगों के सम्मानजनक जीवन के लिए उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा जगत में एनटीआर का अतुलनीय योगदान आज भी लोगों को आकर्षित करता है और उनके आदर्श सदैव प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी उल्लेख किया कि उनके मित्र चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली आंध्र प्रदेश की एनडीए सरकार, एनटीआर द्वारा जनता के लिए देखे गए सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।










