कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी दावा सामने आया है। बीजेपी सांसद और वरिष्ठ नेता सौमित्र खान ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के करीब २० सांसद बीजेपी के संपर्क में हैं और पार्टी नेतृत्व की मंजूरी मिलते ही पाला बदलने को तैयार हैं। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
मंगलबार को पत्रकारों से बातचीत में सौमित्र खान ने दावा किया, “टीएमसी के २० सांसद हमारे संपर्क में हैं। अगर बीजेपी नेतृत्व चाहे तो वे कभी भी पार्टी छोड़ सकते हैं। अगर बीजेपी चाहे तो अगले कुछ दिनों में पूरी तृणमूल कांग्रेस खत्म हो सकती है।”
पश्चिम बंगाल में लोकसभा की कुल ४२ सीटें हैं। इनमें टीएमसी के २९ सांसद, बीजेपी के १२ और कांग्रेस का एक सांसद है। दल-बदल विरोधी कानून के अनुसार, किसी संसदीय दल के कम से कम दो-तिहाई सांसदों के एक साथ पार्टी छोड़ने पर अयोग्यता से बचा जा सकता है। ऐसे में टीएमसी के मामले में यह संख्या करीब १९ या २० सांसदों की बनती है।
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी सांसद के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय ने कहा, “सौमित्र खान और बीजेपी जो दावा कर रहे हैं, वह पूरी तरह बेबुनियाद और झूठ है। ऐसा कुछ भी होने वाला नहीं है।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बंगाल में टीएमसी के भीतर असंतोष की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। हाल के दिनों में कई नेताओं ने खुलकर नाराजगी जाहिर की है। इससे पहले २०२१ विधानसभा चुनाव से पहले भी कई टीएमसी नेता बीजेपी में शामिल हुए थे, हालांकि बाद में कई नेता वापस लौट गए थे।
अब सौमित्र खान के इस बयान ने बंगाल की सियासत में नए समीकरणों की अटकलों को और तेज कर दिया है।










