​​हार की जिम्मेदारी लेते हुए तृणमूल सांसद काकोली का इस्तीफा

Screenshot_20260524_194919_WhatsApp

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर शुरू हुई खींचतान थमती नजर नहीं आ रही है। इसी कड़ी में चुनावी हार की ‘‘नैतिक जिम्मेदारी’’ लेते हुए पार्टी की वरिष्ठ सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने बारासात संगठनात्मक जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस कदम के साथ ही पार्टी की चुनाव प्रचार रणनीति और नेतृत्व की प्राथमिकताओं पर भी तीखा हमला बोला है। बारासात से चार बार की सांसद काकोली को तृणमूल कांग्रेस के सबसे पुराने और अनुभवी नेताओं में से एक माना जाता है। उनका यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब चुनाव में पार्टी की हार के बाद लोकसभा में उन्हें मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) के पद से हटा दिया गया था और उनकी जगह वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
​काकोली ने तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बख्शी को भेजे अपने त्यागपत्र में औपचारिक रूप से बारासात और उत्तर २४ परगना के आसपास के क्षेत्रों में पार्टी के खराब चुनावी प्रदर्शन की जवाबदेही स्वीकार की है। लेकिन उनके इस कदम का राजनीतिक संदेश महज स्थानीय संगठनात्मक जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके मायने कहीं अधिक व्यापक हैं। काकोली ने तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी से पार्टी की पुरानी कार्यप्रणाली पर लौटने की अपील की है, जिसके तहत पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर संघर्ष किया करती थी। उनके इस बयान को चुनाव रणनीतिकार संस्था आईपैक (इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी) और पार्टी नेतृत्व के इर्द-गिर्द बने नए राजनीतिक परिवेश के बढ़ते प्रभाव पर एक परोक्ष लेकिन बेहद कड़ा प्रहार माना जा रहा है।
​ममता बनर्जी को संबोधित करते हुए उन्होंने पत्र में लिखा है कि यदि नेता ममता बनर्जी पहले की तरह ही ईमानदार, अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगी, तो पार्टी की छवि फिर से उज्ज्वल हो जाएगी, क्योंकि बड़े और कठिन कार्यों को क्षणिक संगठनों या एजेंसियों के माध्यम से पूरा नहीं किया जा सकता है। राजनीतिक हलकों में इस टिप्पणी को सीधे तौर पर आईपैक पर हमला माना जा रहा है। आईपैक एक चुनाव परामर्श फर्म है, जिसे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस के भीतर बेहद गहराई से जुड़ा हुआ और प्रभावशाली माना जाता है।

About Author

Advertisement