नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस को आईपीएल २०२६ सीजन के अंत में एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोट के कारण बचे हुए पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। मुंबई इंडियंस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इन दोनों खिलाड़ियों की चोट की जानकारी दी है।
क्विंटन डी कॉक के बाएं हाथ की कलाई में चोट लगी है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ २९ अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान वह चोटिल हो गए थे। डी कॉक इस सीजन में मुंबई इंडियंस के प्रमुख बल्लेबाजों में से एक थे, इसलिए उनका बाहर होना टीम के लिए एक बड़ा नुकसान है। वहीं, युवा बल्लेबाजी ऑलराउंडर राज अंगद बावा के दाहिने हाथ के अंगूठे में चोट लगी है। पंजाब किंग्स के खिलाफ १४ मई को खेले गए मैच के दौरान उन्हें यह चोट लगी थी।
मुंबई इंडियंस के अनुसार, ये दोनों खिलाड़ी अब अपने-अपने घर पर रहकर इलाज कराएंगे और फ्रेंचाइजी की मेडिकल टीम लगातार उनकी रिकवरी पर नजर रखेगी। हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल २०२६ का यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक खेले १२ मैचों में से केवल ४ मैचों में जीत हासिल की है और वह पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। अब मुंबई इंडियंस अपने बाकी बचे २ मैचों में केवल सम्मान बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।










