झापा सीमा पर बड़ी तस्करी का भंडाफोड़: ५७० ग्राम सोना और २० हजार अमेरिकी डॉलर के साथ भारतीय तस्कर गिरफ्तार

IMG-20260519-WA0102

काठमांडू: नेपाल के पूर्वी झापा जिले के मेचीनगर स्थित कांकड़भिट्टा सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने तस्करी के एक बड़े रैकेट को नाकाम कर दिया है। सशस्त्र पुलिस बल और सीमा शुल्क कार्यालय की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत भारी मात्रा में अवैध सोने र अंतरराष्ट्रीय मुद्रा के साथ एक भारतीय नागरिक को रंगेहाथ दबोचा है।
​सशस्त्र पुलिस बल नेपाल से मिली जानकारी के मुताबिक, भारत से सिटी सफारी वाहन के जरिए संदिग्ध रूप से नेपाल में दाखिल हो रहे भारत निवासी ३९ वर्षीय परम पाठक को विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर मंगलवार सुबह जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया। गहन तलाशी लेने पर आरोपी के पास से ५७० ग्राम अवैध सोना, २० हजार अमेरिकी डॉलर और ८५ हजार ४१० भारतीय रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा उसके पास से एक भारतीय आधार कार्ड, दो मोबाइल फोन, एक हार्ड डिस्क, एक बैंक चेक और सात सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं।
​सशस्त्र पुलिस के प्रवक्ता एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक विष्णु प्रसाद भट्ट ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पाठक को जब्त की गई कीमती धातुओं, अवैध मुद्रा और वाहन के साथ आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई के लिए मेची सीमा शुल्क कार्यालय, कांकड़भिट्टा को सौंप दिया गया है। सीमा पर इतनी बड़ी मात्रा में सोना और विदेशी मुद्रा की तस्करी के पीछे किस बड़े सिंडिकेट का हाथ है और आरोपी किस खतरनाक मंसूबे से नेपाल में घुस रहा था, इस संबंध में सुरक्षा एजेंसियां गहन जांच में जुट गई हैं।

About Author

Advertisement