स्पैनिश ला लीगा: बार्सिलोना और एटलेटिको मैड्रिड विजयी

IMG-20260518-WA0054

बार्सिलोना: स्पैनिश ला लीगा फुटबॉल प्रतियोगिता के मौजूदा सीजन में पहले ही चैंपियन बन चुकी बार्सिलोना ने पिछले मैच की हार को भुलाकर फिर से जीत की लय हासिल कर ली है। इसी के साथ एटलेटिको मैड्रिड ने भी अपना मुकाबला जीत लिया है। रविवार रात खेले गए मैच में बार्सिलोना ने रियल बेटिस को ३-१ से पराजित किया। अपने होम ग्राउंड कैंप नोउ में ६३ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाली बार्सिलोना की ओर से राफिन्हा ने २७वें और ६१वें मिनट में २ गोल दागे। इसके अलावा जोआओ कान्सेलो ने ७३वें मिनट में एक अन्य गोल किया। रियल बेटिस की तरफ से इस्को ने ६८वें मिनट में पेनल्टी के जरिए एक मात्र गोल किया। इस जीत के साथ बार्सिलोना ३७ मैचों में ९४ पॉइंट्स के साथ ला लीगा पॉइंट्स टेबल के शीर्ष स्थान पर कायम है। टीम अब इस सीजन का अपना अंतिम मैच २४ मई को वालेंसिया के खिलाफ खेलेगी। वहीं रियल बेटिस ५७ पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर बनी हुई है।
​इसी तरह एक अन्य मुकाबले में एटलेटिको मैड्रिड ने जिरोना को १-० से शिकस्त दी। अपने होम ग्राउंड रियाद मेट्रोपोलिटानो स्टेडियम में एटलेटिको मैड्रिड को विपक्षी टीम से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। अंततः एडेमोला लुकमैन ने २०वें मिनट में गोल कर होम टीम को जीत दिला दी। इस जीत के बाद एटलेटिको मैड्रिड ६९ पॉइंट्स के साथ गोल अंतर के आधार पर चौथे स्थान पर बरकरार है। उधर रियल मैड्रिड ने भी सेविले के खिलाफ १-० से जीत हासिल की। मैच में ६० प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाली रियल मैड्रिड की ओर से विनीसियस जूनियर ने १४वें मिनट में गोल दागा। लीग की उपविजेता रियल मैड्रिड ८३ पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर है। अन्य मैचों की बात करें तो अलावेस ने रियल ओविएडो को १-० से और एस्पेनयोल ने ओसासुना को २-१ से पराजित किया।

About Author

Advertisement