कोको गॉफ को हराकर एलिना स्वितोलिना ने जीता इटालियन ओपन का खिताब, यानिक सिनर फाइनल में पहुंचे

IMG-20260517-WA0066

रोम: सातवीं वरीयता प्राप्त एलिना स्वितोलिना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इटालियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में महिला एकल का खिताब अपने नाम कर लिया है। २ घंटे तक चले बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में स्वितोलिना ने कोको गॉफ को ६-४, ६-७(३), ६-२ से शिकस्त दी।
​क्वार्टर फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त एरिना सबालेन्का (रायकाबिना) और सेमीफाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त इगा स्वियातिएक को हराकर फाइनल में पहुंची स्वितोलिना को उपविजेता गॉफ के खिलाफ शुरुआत में कड़े दबाव का सामना करना पड़ा। वह पहले सेट में २-४ से पीछे चल रही थीं। मैच का टर्निंग पॉइंट आठवें गेम में आया, जब गॉफ ने ४०-० की बढ़त पर दो बार डबल फॉल्ट किए। इसने स्वितोलिना को मैच में वापसी का मौका दे दिया। यूक्रेन की खिलाड़ी स्वितोलिना ने नौवें गेम में ३ ब्रेक पॉइंट बचाकर अपनी सर्विस बरकरार रखी और पहला सेट ६-४ से जीत लिया।
​दूसरे सेट में स्वितोलिना और गॉफ के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। गॉफ ने ११वें गेम में महत्वपूर्ण ब्रेक हासिल किया, लेकिन जब वह सेट जीतने के लिए सर्विस कर रही थीं, तब स्वितोलिना ने वापसी करते हुए ब्रेक हासिल कर लिया और सेट टाईब्रेकर में चला गया। टाईब्रेकर में गॉफ ने असाधारण खेल दिखाया और ७-३ से जीत दर्ज कर मैच को बराबरी पर ला दिया। निर्णायक सेट में स्वितोलिना ने पांचवें और सातवें गेम में ब्रेक लेकर गेम पर अपना नियंत्रण बना लिया। चैंपियनशिप के लिए सर्विस करते हुए उन्होंने बैकहैंड वॉली लगाकर ३ ब्रेक पॉइंट बचाए और अपनी जीत सुनिश्चित की। यह स्वितोलिना का रोम में तीसरा एकल खिताब है और उनके करियर का २०वां डब्ल्यूटीए एकल खिताब है। मैच के बाद स्वितोलिना ने कहा कि यह निश्चित रूप से एक कठिन लड़ाई थी और वह पूरे टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से खुश हैं।
​इसी बीच, पुरुष एकल में दुनिया के नंबर १ खिलाड़ी यानिक सिनर ने सातवीं वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव के खिलाफ बारिश के कारण बाधित हुआ सेमीफाइनल मैच पूरा किया। उन्होंने इस मुकाबले में ६-२, ५-७, ६-४ से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना २३वीं वरीयता प्राप्त कैस्पर रूड से होगा।

About Author

Advertisement