नई दिल्ली: आईपीएल २०२६ के ६२वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को ५ विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह बनाने की अपनी संभावनाओं को जीवित रखा है। इस समय राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स दोनों के पास १२-१२ अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर ये दोनों टीमें आईपीएल पॉइंट्स टेबल में क्रमशः छठे और सातवें स्थान पर हैं। इसमें राजस्थान ने १२ और दिल्ली ने १३ मैच खेले हैं।
अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने २० ओवर में ८ विकेट खोकर १९३ रन बनाए। राजस्थान के शीर्ष चार बल्लेबाजों में यशस्वी जयसवाल (१२ रन) को छोड़कर अन्य तीन खिलाड़ियों ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन उनके अलावा कोई और उल्लेखनीय योगदान नहीं दे सका। ध्रुव जुरेल ने सर्वाधिक ५३ रन बनाए, उन्होंने ४० गेंदें खेलकर ५ चौके और २ छक्के लगाए। कप्तान रियान पराग ने २६ गेंदों में ५१ रनों का योगदान दिया, जिसमें ५ छक्के और ३ चौके शामिल हैं। वहीं ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने ५ चौकों और ३ छक्कों की मदद से २१ गेंदों में ४६ रन बनाए। मिचेल स्टार्क ने १५वें ओवर में पराग के साथ-साथ डोनोवन परेरा और रवि सिंह का विकेट लिया, जिसके बाद राजस्थान तेजी से रन नहीं बना सकी। दिल्ली के गेंदबाजों में स्टार्क ने सर्वाधिक ४ विकेट चटकाए।
जवाब में, दिल्ली कैपिटल्स ने १९.२ ओवर में ५ विकेट पर १९७ रन बनाकर मैच जीत लिया। दिल्ली की इस जीत में दोनों ओपनर केएल राहुल और अभिषेक पोरेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राहुल ने ४२ गेंदों में ३ छक्कों और १ चौके की मदद से ५६ रन बनाए, जबकि पोरेल ने ३१ गेंदों में ७ चौकों और १ छक्के की मदद से ५१ रन बनाए। राहुल और पोरेल ने पहले विकेट के लिए १०.१ ओवर में १०५ रनों की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके अलावा, कप्तान अक्षर पटेल ने २ छक्कों और २ चौकों की मदद से १८ गेंदों में नाबाद ३४ रनों का योगदान दिया। अच्छी शुरुआत के बाद दिल्ली को मैच जीतने में कोई परेशानी नहीं हुई। अंत में अक्षर और आशुतोष शर्मा ने मिलकर जीत की औपचारिकता पूरी की। आशुतोष ने २ छक्कों और १ चौके की मदद से मात्र ५ गेंदों में नाबाद १८ रन बनाए। वहीं ट्रिस्टन स्टब्स ४ रन और डेविड मिलर 9 रन बनाकर आउट हुए।










