बेंगलुरु: बेंगलुरु में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल से महज ३ किलोमीटर दूर फुटपाथ पर जिलेटिन की दो छड़ें मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सुरक्षा जांच के दौरान विस्फोटक बरामद होने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।प्रधानमंत्री मोदी रविवार को बेंगलुरु में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की ४५वीं वर्षगांठ के समारोह में शामिल होने और ‘ध्यान मंदिर’ का उद्घाटन करने पहुंचे थे। मुख्य कार्यक्रम स्थल से थोड़ी ही दूरी पर जिलेटिन स्टिक मिलने की खबर के बाद सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय पुलिस ने तुरंत इलाके को सुरक्षित कर लिया। इस कार्यक्रम में श्रीश्री रविशंकर समेत दुनिया भर के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि जिलेटिन का उपयोग विस्फोटक बनाने में किया जाता है और भारत में इसका भंडारण एवं बिक्री केवल लाइसेंस धारकों द्वारा ही की जा सकती है। फिलहाल एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद विस्फोटक वहां कैसे पहुंचे।











