जलपाईगुड़ी: पश्चिम बंगाल माध्यमिक परीक्षा २०२६ में दसवां स्थान प्राप्त कर जलपाईगुड़ी के छात्र अर्चिस्मान मजूमदार ने जिले का नाम रोशन किया है। परीक्षा में उसने ७०० में से ६८८ अंक हासिल किए हैं।जलपाईगुड़ी शहर के शिरीषतला क्षेत्र का निवासी अर्चिस्मान बचपन से ही मेधावी छात्र के रूप में जाना जाता है। वह छठी कक्षा से जलपाईगुड़ी जिला विद्यालय में अध्ययन कर रहा है। उसकी इस सफलता से परिवार, विद्यालय तथा स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।अर्चिस्मान के पिता अमित मजूमदार आनंदचंद्र महाविद्यालय में कर्मचारी हैं। अर्चिस्मान की पढ़ाई में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विशेष रूप से विज्ञान विषय उसके पिता स्वयं पढ़ाते थे। इसके अलावा बंगला, अंग्रेजी, इतिहास और भूगोल विषयों के लिए उसने तीन निजी शिक्षकों से मार्गदर्शन लिया था।अर्चिस्मान ने बताया कि नियमित पढ़ाई और परिवार का सहयोग ही उसकी सफलता की मुख्य कुंजी है।










