मणिपुर: ड्यूटी के दौरान शहीद हवलदार के परिवार को १ करोड़ रुपये की सहायता

IMG-20260506-WA0050

इम्फाल: मणिपुर में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले हवलदार सोइबम संजित सिंह के परिवार को १ करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। मणिपुर गृह विभाग ने यह सहायता कल्याणकारी योजना ‘पुलिस सैलरी पैकेज’ के तहत उपलब्ध कराई है।
सिंह जुलाई २०२५ में इंफाल पश्चिम जिले के सगोलतोङ्बा में ड्यूटी के दौरान मारे गए थे। उन्हें प्रदान की गई यह सहायता अक्टूबर २०२४ में मणिपुर पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत शुरू की गई कल्याणकारी योजना के अंतर्गत दी गई है।
मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्गीय सिंह ने ईमानदारी, समर्पण और जनता के प्रति उच्च प्रतिबद्धता के साथ सेवा की। उनका निधन पुलिस विभाग और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया है।
इंफाल पश्चिम स्थित पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में उनकी पत्नी को १ करोड़ रुपये का चेक औपचारिक रूप से सौंपा गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एल एंड ओ) एल. कैलुन, आईपीएस सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
पुलिस सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों को १ करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और १० लाख रुपये तक का जीवन बीमा कवर प्रदान किया जाता है। इसके अलावा, इस योजना में विभिन्न बैंकिंग सेवाएं भी शामिल हैं।
मणिपुर पुलिस ने मृतक कर्मचारी के परिवार को समय पर सहायता प्रदान करने के लिए एसबीआई के प्रति आभार व्यक्त किया और पुलिस कर्मियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

About Author

Advertisement