मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग २०२६ में मुंबई इंडियंस खराब फॉर्म से बाहर नहीं निकल पा रही है। बुधवार रात वानखेड़े स्टेडियम में टीम को एक और निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मुंबई ने ५ विकेट पर २४३ रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। सनराइजर्स हैदराबाद ने यह लक्ष्य ८ गेंद शेष रहते केवल ४ विकेट खोकर हासिल कर लिया।
यह इस सीजन में मुंबई इंडियंस की ८ मैचों में छठी हार है, जिससे प्लेऑफ में पहुंचने की उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। मैच में मुंबई का गेंदबाज़ी आक्रमण पूरी तरह बेअसर दिखा। यहां तक कि दिग्गज तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह ने भी ५४ रन खर्च किए।
मैच के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या निराश नजर आए, लेकिन उन्होंने गेंदबाज़ों को दोष देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस सीजन में टीम के पास ज्यादा विकल्प नहीं बचे हैं और अब यह देखना होगा कि क्या बदलाव किए जा सकते हैं।
पांड्या ने कहा कि वह अपने गेंदबाज़ों को दोष नहीं देते, बल्कि टीम के रूप में वे उस स्तर का प्रदर्शन नहीं कर पाए, जो मुंबई इंडियंस की पहचान है। उन्होंने यह भी साफ किया कि मैच में ओस (ड्यू) की कोई भूमिका नहीं थी। उनके मुताबिक, विपक्षी टीम ने अच्छे शॉट खेले और उनकी टीम ने खराब गेंदबाज़ी की।
२४३ रन का स्कोर बनाने के बावजूद उन्हें लगा था कि टीम इसे बचा लेगी, लेकिन योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं किया जा सका।
हार्दिक पांड्या ने टीम के प्रशंसकों, मालिकों और सपोर्ट स्टाफ का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि फैंस हमेशा भरोसा दिखाते हैं, लेकिन टीम उन्हें खुशी के ज्यादा मौके नहीं दे पाई।
उन्होंने हार की बड़ी वजह खराब फील्डिंग और आसान कैच छोड़ने को बताया। उनके अनुसार, इस सीजन में कई बार ऐसा हुआ है और मौके गंवाने से मैच पर नियंत्रण नहीं रखा जा सकता।









